भारत में वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड, 88 लाख से अधिक नागरिकों को लगा टीका
कोरोना वायरस के खिलाफ जारी इस जंग में भारत में टीकाकरण का काम तेजी से चल रहा है। बीते सोमवार 16 अगस्त को देश में रिकॉर्ड संख्या में लोगों को टीका लगाया गया। ऐसा पहली बार हुआ है, जब देश में एक दिन में 88 लाख से ज्यादा नागरिकों को टीका लगाया गया हो। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में कुल 88,13,919 नागरिकों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई है। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत ने कल एक दिन में 88 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस वैक्सीन की डोज लगाकर एक दिन में सर्वाधिक वैक्सीन लगाने का रिकॉर्ड बनाया है।
जानकारी के लिए बता दें कि देश में अबतक कुल 55 करोड़ 47 लाख 30 हजार नागरिकों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।
सरकार और नागरिकों की भागीदारी
देश में तेजी से होता वैक्सीनेशन केंद्र सरकार और देश के नागरिकों के बेहतरीन सामंजस्य का ही नतीजा है। शुरूआत में चाहे देश में वैक्सीन को लेकर जितनी भी अफवाहें फैली हों, नागरिकों को वैक्सीन और देश की सरकार पर पूरा भरोसा है। यह इसी सामंजस्य का नतीजा है कि भारत पूरे विश्व में सबसे तेजी से 28 करोड़ नागरिकों को वैक्सीन लगाने वाला पहला देश बना था।
#LargestVaccineDrive #Unite2FightCorona
India witnessed the highest single-day record in administering #COVID19 vaccine doses!
A landmark in India's fight against COVID-19. pic.twitter.com/JdXPegbRb3— Ministry of Health (@MoHFW_INDIA) August 17, 2021
यूपी में सबसे ज्यादा टीके दिए गए
टीकाकरण की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यूपी में अबतक सबसे ज्यादा 5.98 करोड़ टीके गए हैं। इसके बाद दूसरा नंबर महाराष्ट्र का है, जहां 5 करोड़ टीके दिए गए हैं। महाराष्ट्र ही अबतक एक मात्र राज्य है, जहां एक करोड़ से ज्यादा नागरिकों को वैक्सीन की दोनों खुराक दी गई है। इसके बाद इस सूची में गुजरात हैं जहां 99 लाख से ज्यादा नागरिकों को कोरोना के दोनों टीके लगाए जा चुके हैं।
आबादी के हिसाब से टीकाकरण के मामले में हिमाचल सबसे आगे
आबादी के हिसाब से देखें तो टीकाकरण के मामले में यूपी पीछे है। यहां सबसे कम 31 फीसदी आबादी को ही सिंगल डोज टीका लगा है। यूपी से ज्यादा पश्चिम बंगाल, बिहार, पंजाब, झारखंड, तमिलनाडु, महाराष्ट्र की आबादी को टीका लगा है।
हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक 77 फीसदी व्यस्क आबादी को सिंगल डोज टीके लग चुके हैं। इसके बाद जम्मू-कश्मीर में 66 फीसदी, उत्तराखंड में 64 फीसदी, गुजरात में 60 फीसदी, मध्य प्रदेश में 55 फीसदी, कर्नाटक में 54 फीसदी, केरल में 54 फीसदी, राजस्थान में 52 फीसदी और छत्तीसगढ़ में 50 फीसदी आबादी को टीका लग चुका है।
केरल की 50 प्रतिशत जनसंख्या को मिली पहली खुराक
केरल राज्य में कुल 1,77,88,931 (1.77 करोड़) लोगों को सोमवार तक कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। यह राज्य की अनुमानित 3.54 करोड़ आबादी का 50.25% है। इस साल 16 जनवरी को राज्य में टीकाकरण शुरू होने के बाद से 213 दिनों में इस मुकाम को हासिल कर लिया गया है। इसके अलावा वायनाड, केरल राज्य का पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसकी 18 वर्ष से अधिक की पूरी आबादी को कम से कम एक खुराक लगाई जा चुकी है।
https://www.mygov.in/hi/covid-19/
नए मामलों में 23.5 फीसदी गिरावट
भारत में पिछले 24 घंटे में नए कोविड मामलों में 23.5 फीसदी गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में 36,830 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं, जिसके बाद कुल ठीक होने वाले नागरिकों की संख्या 3,14,48,754 हो गई है। देश में साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 1.98 प्रतिशत है, जो कि पिछले 53 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे बना हुआ है। वहीं दैनिक पॉजिटिविटी रेट 1.61% है, जोकि पिछले 22 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे बना हुआ है।