भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ नकद और सीनियर कोच की मिलेगी नौकरी : मनोहर लाल अधिक जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें...
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा इतिहास रचते हुए जर्मनी की मजबूत टीम को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीतने पर हरियाणा सरकार ने भारतीय हॉकी टीम के दो सदस्यों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये नकद और खेल विभाग में सीनियर कोच की नौकरी देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया।
भारतीय हॉकी टीम को मिले कांस्य पदक का मनाया जश्न
बैठक में टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को मिले कांस्य पदक का जश्न मनाया गया। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सीएम सहित सभी मंत्रियों और अधिकारियों को मिठाई खिलाकर इस खुशी को साझा किया।
हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी
कांस्य पदक हासिल करने वाली हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी हैं। सीएम ने इन दोनों खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया करते हुए सुरेंद्र कुमार और सुमित को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी भी दी जाएगी। सीएम ने कहा कि ओलंपिक खेलों में पदक हासिल करने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया जाएगा।
पंजाब के खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ के पुरस्कार की घोषणा
वहीं पंजाब के खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने ऐलान किया कि पंजाब सरकार इस टीम में शामिल राज्य के प्रत्येक हॉकी खिलाड़ी को 1-1 करोड़ रुपए की नकद राशि के साथ सम्मानित करेगी।
भारत की शानदार जीत पर खेल मंत्री ने ट्वीट किया, “भारतीय हॉकी के इस ऐतिहासिक दिन पर मैं पंजाब के खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ रुपए के नकद पुरुस्कार का ऐलान करते हुए गर्व महसूस कर रहा हूं। हम ओलंपिक्स में कड़ी मेहनत के साथ प्राप्त किए गए पदक का जश्न मनाने के लिए आपकी वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि यह एक कड़ा और रोचक मुकाबला था। हमारे लड़कों ने यह टोक्यो ओलंपिक्स 2020 में कर दिखाया है और 41 सालों के बाद ओलंपिक पदक देश की झोली में डाला है। पूरे देश और राज्य को टीम की इस शानदार जीत पर गर्व है।
(इनपुट-हिन्दुस्थान समाचार)